पीएम स्वनिधि योजना आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींवः महापौर
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम सभागार में गुरुवार को लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई यह योजना छोटे व्यापारियों और फेरी-फड़ व्यवसायियों के लिए आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।
महापौर ने कहा कि लंबे समय तक व्यवस्था से उपेक्षित रहे फेरी और फड़ व्यवसायियों को आज न सिर्फ पहचान मिल रही है, बल्कि उन्हें बैंकिंग सेवाओं से जोड़कर आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ जैसे मूल मंत्र का सटीक उदाहरण है। यह योजना छोटे व्यापारियों के जीवन में स्थायित्व और सम्मान दोनों ला रही है।महापौर ने फेरी-फड़ व्यवसायियों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि यह मात्र आर्थिक सहयोग का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने का अभियान है।कार्यक्रम में नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल, सिटी मिशन मैनेजर मनोज कुमार कर्नाटक तथा सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा प्रकाश चंद्र फुलारा ने व्यवसायियों को योजना की बारीकियां विस्तार से समझाईं। इस दौरान मौके पर ही कई लाभार्थियों का पंजीकरण भी कराया गया।सिटी मिशन मैनेजर मनोज कुमार कर्नाटक ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत फेरी व फड़ व्यवसायियों को तीन चरणों में ब्याज सब्सिडी आधारित ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रथम चरण में 15 हजार, द्वितीय चरण में 25 हजार व तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाएगा। इसके साथ ही लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड एवं बैंक द्वारा क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिल सके।मेले में लघु व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश शर्मा, सुभाष रस्तोगी, जॉइंट हॉकर एक्शन कमेटी के सदस्य योगेश कुमार, तथा नगर निगम की सामुदायिक संगठनकर्ता ममता आर्या, शिप्रा अधिकारी, मनोज कुमार, बलवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
