मुखर्जी नगर में महापौर ने किया सड़क का शिलान्यास
रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के वार्ड संख्या 05, मुखर्जी नगर में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने नारियल फोड़कर किया। यह सड़क निर्माण डॉ. गोपाल के निवास से लेकर कन्हाई मलिक के घर तक प्रस्तावित है। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने महापौर का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए आभार जताया। इस दौरान मिठाई वितरण भी किया गया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर को स्मार्ट, स्वच्छ और सुगम यातायात वाला शहर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 05 में स्थित यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या ही हमारी समस्या है और इसे देखते हुए इस कार्य की शुरुआत की गई है। शर्मा ने बताया कि सभी वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ अंजाम दिया जा रहा है और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई दिशा की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में योजनाएं केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर तेजी से उतारी जा रही हैं। नगर के हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है।कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद श्रीमती कुसुम शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे महापौर के प्रयासों से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से शहर की प्रगति में सहभागी बनने का आह्वान भी किया।शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद प्रतिनिधि राधेश शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, भगत सिंह मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री पारस चुघ, मंडल उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा, आकाश रस्तोगी सहित अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
