कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री धामी ने दिए समन्वित और समयबद्ध कार्य के निर्देश हरिद्वार |
21 फरवरी, 2026
हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला 2027 की भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शंभू पासवान ने भी सहभागिता करते हुए कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेला उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर गहन चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं के लिए समय सीमा निर्धारित कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
राज्य सरकार एवं स्थानीय निकाय कुंभ मेला 2027 को ऐतिहासिक, सुरक्षित एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
