तहसील स्तर पर मिलेगी प्रेस मान्यता, जल्द लागू होगी सोशल मीडिया नियमावली: बशीधर तिवारी
उत्तरकाशी। एकदिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि अब प्रेस मान्यता तहसील स्तर पर देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नियमावली तैयार की जा चुकी है, जो अंतिम चरण में है। तहसील स्तर पर मान्यता मिलने से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को भी मान्यता का लाभ मिलेगा।
सूचना महानिदेशक ने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही सोशल मीडिया नियमावली लागू की जाएगी। यह नियमावली उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पहले से लागू है, और अब उत्तराखंड में भी इसे लागू करने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नियमावली के लागू होने से सोशल मीडिया पर कार्यरत पत्रकारों एवं कंटेंट क्रिएटर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलेंगे, साथ ही उनके अधिकारों का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।
महानिदेशक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पत्रकारों को सुविधाएं, सुरक्षा और सम्मान मिले, ताकि वे निर्भीक होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
