उत्तराखंड क्रांति दल के नवनियुक्त केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती की प्रेस वार्ता
2027 में 70 सीटों पर उतरेगा यूकेडी, काशी सिंह ऐरी होंगे मुख्यमंत्री चेहरा
देहरादून | उत्तराखंड क्रांति दल के नवनियुक्त केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कुकरेती ने आज केंद्रीय कार्यालय, 10 कचहरी रोड में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में युवाओं और मातृशक्ति का उत्साह स्पष्ट रूप से उत्तराखंड क्रांति दल की ओर बढ़ रहा है। जनता राष्ट्रीय दलों से निराश होकर उत्तराखंड क्रांति दल को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है।

श्री कुकरेती ने घोषणा की कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल सभी 70 सीटों पर मजबूती से अपने प्रत्याशी उतारेगा तथा दल की सांगठनिक व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने “वरिष्ठ को सम्मान—युवाओं को कमान” का नारा देते हुए कहा कि संगठन में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन पार्टी को नई दिशा देगा।
उन्होंने आगे कहा कि जिन मुद्दों को लेकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन लड़ा गया, वे आज भी अधूरे हैं। इन अधूरे सपनों को पूरा करने हेतु यूकेड नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 2027 के चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से माननीय काशी सिंह ऐरी मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का चेहरा होंगे।
प्रेस वार्ता में संरक्षक माननीय काशी सिंह ऐरी, नारायण सिंह जनतवाल, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, निवर्तमान उपाध्यक्ष जयप्रकाश, उपाध्यक्ष प्रमिला रावत, राजेंद्र बिष्ट, महानगर अध्यक्ष प्रवीण चंद्र रमोला, पंडित बिहारी लाल जगूड़ी, पछुआदूं जिला अध्यक्ष गणेश कला, मनोज कंडवाल, आशीष नेगी, अनूप बिष्ट, प्रेम पडियार, मुकेश कुंद्रा, जितेंद्र कुमार, राजीव नौटियाल, डॉ. आशीष सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
