Uttarakhand

लम्बित राजस्व वादों का करें त्वरित निस्तारण : जिलाधिकारी

रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को कैम्प कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से मासिक स्टाफ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को नियमित न्यायालय में बैठकर लम्बित वादों का त्वरित निस्तारण करने तथा उन्हें आरसीएमएस पोर्टल पर समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने वादों को प्राथमिकता से निपटाया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत राजस्व वसूली पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि बड़े बकायेदारों से कड़ाई से वसूली की जाए और उनकी सूची तहसीलों के साथ-साथ नगर निकायों में भी सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसीलदार आरसी वसूली के लिए हरसंभव प्रयास करें और उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में राजस्व वसूली की समीक्षा करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि बिना प्रयास किए ही आरसी वापस भेजने की शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया जाएगा।बैठक में राजस्व अधिकारियों को समयावधि के भीतर प्रमाण पत्र जारी करने के सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही चकबंदी एवं बंदोबस्त कार्यों की गति बढ़ाने, सीएम हेल्पलाइन, सीएम जनसमर्पण पोर्टल, मजिस्ट्रियल जांचों, आयोग संदर्भों, रिट याचिकाओं, ऑडिट आपत्तियों और पेंशन प्रकरणों से संबंधित आख्या समयबद्ध भेजने पर भी जोर दिया गया।बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश आर्या सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व सम्बंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Shubham Mishra