देहरादून

यमकेश्वर में जनसेवा शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ

यमकेश्वर में लगा मेगा जनसेवा शिविर, पेंशन से पशु दवा तक मौके पर मिली सेवाएं; राज्य मंत्री मधु भट्ट बोलीं— “सरकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे घर-घर तक”

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड यमकेश्वर सभागार में भव्य जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री मधु भट्ट ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ दिया जाए।

मधु भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर उसका अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि अब सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका लाभ सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।

स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों का समय और धन दोनों बच रहे हैं। सभी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले जनसेवा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में एक दिन में मिली प्रमुख सेवाएं:

  • 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण
  • 27 ग्रामीणों के ग्राम्य विकास विभाग से आवेदन
  • 25 परिवार रजिस्टर एवं आधार संबंधी कार्य
  • 16 किसानों को कृषि उपकरण
  • 13 लाभार्थियों को पशु औषधि
  • 13 लाभार्थियों को बीज वितरण
  • 10 राजस्व संबंधी मामलों का निस्तारण तथा 2 जन्म प्रमाण पत्र जारी
  • 10 लोगों को पेंशन आवेदन एवं समाज कल्याण योजनाओं की जानकारी
  • 1 लाभार्थी को महालक्ष्मी किट
  • 27 लोगों को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, जिला पंचायत सदस्य बच्चन सिंह बिष्ट, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, तहसीलदार वैभव जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti