Uttarakhand

रूद्रपुर में सीएम घोषणाओं की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

 

रूद्रपुर। विधानसभा रूद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं की प्रगति की जिला सभागार में समीक्षा की गई। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सीएम घोषणा कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए।

जिलाधिकारी ने त्रिशूल चौक से आवास विकास तक सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश अधिशासी अभियंता लोनिवि को दिए। साथ ही डीडी चौक से काशीपुर बाइपास और डीडी चौक से मेडिकल कॉलेज तक विद्युत और पानी की लाइनों को शीघ्र शिफ्ट करने के लिए जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्देशित किया।

उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि भूरारानी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए लोनिवि, नगर निगम, राजस्व विभाग और जिला विकास प्राधिकरण संयुक्त रूप से सर्वे करें और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखते हुए डीपीआर तैयार कर भेजें।

क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा ने भी क्षेत्र में चल रहे सभी सड़क निर्माण कार्यों को वर्षाकाल से पहले पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनावश्यक गड्ढे खोदकर न छोड़े जाएं, जिससे लोगों को परेशानी न हो। विधायक ने शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सिंचाई विभाग की भूमि पर पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश जिला विकास प्राधिकरण को दिए।

बैठक में उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, पीडी हिमांशु जोशी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान तरूण शर्मा, पेयजल निगम सुनील जोशी, विद्युत राजीव चक्रवर्ती, लोनिवि विनोद सनवाल, पीडी एनएचएआई अचल जिंदल और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जमील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Shubham Mishra