देहरादून

SDRF मुख्यालय जॉलीग्रांट में SDRF–NDRF का संयुक्त अभ्यास, CSSR प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा

देहरादून। SDRF वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में FAMEX (Familiarisation Exercise) कार्यक्रम के अंतर्गत SDRF और NDRF की टीमों ने संयुक्त अभ्यास कर आगामी राष्ट्रीय स्तर की CSSR (Collapsed Structure Search & Rescue) प्रतियोगिता की तैयारियों को परखा। इस दौरान सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और अभ्यास की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली CSSR प्रतियोगिता का उद्देश्य भूकंप, भवन ध्वस्तीकरण और संरचनात्मक ढहाव जैसी आपदाओं में फंसे लोगों की खोज और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए बलों की तकनीकी दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, टीम वर्क और आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों का मूल्यांकन करना है।
प्रस्तावित प्रतियोगिता की तैयारी के तहत NDRF की टीम ने SDRF मुख्यालय में संयुक्त अभ्यास किया। इस दौरान वास्तविक आपदा जैसे परिदृश्यों के अनुरूप रेस्क्यू तकनीकों, आधुनिक उपकरणों के उपयोग, सर्च पैटर्न, मेडिकल रिस्पॉन्स और आपसी समन्वय का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
FAMEX कार्यक्रम आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न बलों के बीच तालमेल, संसाधनों के कुशल उपयोग और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) के प्रभावी क्रियान्वयन का आकलन किया जाता है।
अभ्यास के दौरान सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी ने टीमों की कार्यकुशलता, अनुशासन और समन्वय को बारीकी से देखा। इस अवसर पर सहायक सेनानायक श्री आर. एस. धपोला तथा प्रशिक्षण निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे।
यह संयुक्त अभ्यास आगामी CSSR प्रतियोगिता के सफल आयोजन के साथ-साथ भविष्य में वास्तविक आपदा परिस्थितियों में प्रभावी, सुरक्षित और त्वरित रेस्क्यू सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Uma Shankar Kukreti