Crimeदेहरादून

स्वतंत्रता दिवस से पहले दून में सुरक्षा सख्त, सीमाओं से लेकर रेलवे स्टेशन तक सघन चेकिंग

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सीमावर्ती चेक पोस्टों से लेकर आंतरिक मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, होटल, धर्मशालाओं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस टीमें बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों और वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन कर रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों पर डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की मदद से आकस्मिक चेकिंग भी की जा रही है।

 

इसके अलावा थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस की जांच कर वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई। मुख्य बाजारों और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी गश्त बढ़ाई गई है।

अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च

स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नगर एवं देहात क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की गई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। स्वतंत्रता दिवस समारोहों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने की बात कही है।