पीलीभीत

कई सरकारी कार्यालय सहित सड़कों पर जल भराव, ग्राउंड पर उतरे राज्यमंत्री

पीलीभीत। जिले में लगातार हो रही बारिश की वजह से शहर की हालत बेहद खराब हो गई है। कृष्ण विहार कॉलोनी और वार्ड नंबर 19 के निवासी पानी भरने से परेशान होकर ओम लोन के बाहर सड़क बंद कर विरोध जताने लगे। लोगों ने नगर पालिका पर भारी लापरवाही का आरोप लगाया। राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी पानी से भरी गलियों में पैदल घूमकर हालात का जायज़ा लेते दिखे। मंत्री गंगवार ने कहा कि पूरा शहर जलमग्न है और ऐसी स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली। उन्होंने नगर पालिका ईओ को निलंबित करने का सुझाव दिया। वल्लभनगर कॉलोनी, अशोक कॉलोनी समेत दर्जनों इलाकों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों और मोहल्लों में जलभराव से वाहन चालकों एवं पैदल राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका, DIOS दफ्तर, न्यूरिया थाना सहित कई प्रशासनिक कार्यालय पानी में डूबे हुए हैं, जिस कारण कर्मचारियों को ऑफिस पहुंचने में दिक्कत आ रही है और प्रशासनिक कामकाज बाधित हो रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल के नदारद रहने से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *