देहरादून

इंस्टाग्राम पर हीरे का हार दिखाना पड़ा भारी, एक साल पुरानी 10 लाख की चोरी का दून पुलिस ने किया खुलासा

 

देहरादून, 03 जुलाई। देहरादून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना राजपुर पुलिस ने एक वर्ष पूर्व हुई करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने चोरी किए गए हीरे के हार के साथ अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा कर दी, जो अंततः उसकी गिरफ्तारी का कारण बन गई।

पुलिस के अनुसार, सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग एक वर्ष पहले उनके घर में रखे हीरे और अन्य कीमती आभूषण अचानक गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा था कि संभवतः उन्होंने आभूषण किसी रिश्तेदार को दिए होंगे या फिर कहीं सुरक्षित रखकर भूल गई होंगी। इस कारण उन्होंने चोरी की आशंका नहीं जताई थी।

हाल ही में उनके एक परिचित ने उन्हें जानकारी दी कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे के हार के साथ अपनी तस्वीर साझा की है, जो उनके खोए हुए हार से काफी मिलता-जुलता है। जब उन्होंने तस्वीर देखी तो उसमें दिखाई दे रही महिला उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला निकली और उसके द्वारा पहने गए आभूषण उनके खोए हुए गहनों जैसे ही थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क किया।

शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए जांच शुरू की और 3 जुलाई को जोहड़ी रोड क्षेत्र से आरोपी महिला विमला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वादिनी के घर में घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करती थी और उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों को कई बार देखा था। धीरे-धीरे उसके मन में उन्हें चोरी करने का लालच आ गया और उसने मौका पाकर लॉकर से हीरे और सोने के कीमती गहने चुरा लिए।

आरोपी ने यह भी बताया कि घर की मालकिन उस पर पूरा भरोसा करती थीं, जिसका फायदा उठाते हुए उसने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि संभवतः उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे या किसी परिचित को दिए होंगे। चोरी के बाद आरोपी ने कुछ आभूषण बेचने की कोशिश भी की, लेकिन महंगे हीरे और सोने के गहनों के कारण वह उन्हें बेच नहीं सकी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल तथा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी विमला (34 वर्ष) मूल रूप से लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और वर्तमान में देहरादून के बापू नगर, जाखन क्षेत्र में रह रही थी।

घटना के सफल अनावरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

 

 

 

 

Uma Shankar Kukreti