गौचर में 14 दिसंबर से राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट, विजेता टीम को मिलेगा 1.25 लाख का इनाम
गौचर। जय मां कालिंका क्रिकेट कमेटी के तत्वावधान में गौचर के ऐतिहासिक खेल मैदान में 14 दिसंबर से राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। पहली बार आयोजित हो रहे इस क्रिकेट महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हैं।
टूर्नामेंट के सुचारू संचालन हेतु एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल व गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी को संरक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी समिति के अध्यक्ष होंगे। उपाध्यक्ष का दायित्व विपुल रावत को सौंपा गया है।
सचिव की जिम्मेदारी अनूप नेगी संभालेंगे। यदुवीर खत्री, नितेश चौधरी, महादेव प्रसाद बहुगुणा, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, दीपक बिष्ट व जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट सहित कई सदस्यों को महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किए गए हैं। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिनेश बिष्ट एवं नवीन टाकुली को दी गई है। दिगम्बर राणा सह सचिव, जबकि मुकेश नेगी मीडिया प्रभारी होंगे।
समिति अध्यक्ष अनिल नेगी के अनुसार विजेता टीम को एक लाख पच्चीस हजार तथा उपविजेता को पचहत्तर हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन राज्य मंत्री, विधायक या सांसद में से उपलब्ध जनप्रतिनिधि द्वारा किया जाएगा। आवेदन शुल्क पांच हजार रुपए रखा गया है।
दिल्ली एवं चंडीगढ़ की टीमों सहित जनपद रुद्रप्रयाग की कई टीमों ने भी अपना पंजीकरण करा दिया है। पहली बार आयोजित हो रहे इस राज्य स्तरीय टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
