छात्र नेता आयुष बडोला ने बढ़ाया स्वच्छता का परचम, कॉलेज परिसर को बनाया सुरक्षित व साफ
कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान: छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला ने बढ़ाई जागरूकता की मिसाल
महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी (यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल) में छात्र हित में एक सराहनीय पहल की गई। कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला ने ग्राउंड एवं परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
मानसून के बाद ग्राउंड में अत्यधिक घास-फूस, झाड़ियाँ और कूड़ा-कचरा जमा हो गया था, जिससे न केवल छात्रों की खेल गतिविधियाँ बाधित हो रही थीं, बल्कि जंगली जानवरों के खतरे भी बढ़ गए थे। स्थिति को देखते हुए आयुष बडोला ने स्वयं की पहल पर सफाई अभियान संगठित किया। अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे के सुरक्षित निपटान हेतु एक गड्ढा भी खुदवाया गया, जिसमें एकत्रित प्लास्टिक को नियंत्रित तरीके से नष्ट किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रयास का उद्देश्य छात्रों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सक्रिय शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि पढ़ाई और खेलकूद दोनों में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे।
आयुष की पहल, विधायक रेणु बिष्ट का सहयोग—कॉलेज में विकास को मिली रफ्तार
आयुष बडोला ने यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने समय-समय पर कॉलेज की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान की दिशा में निरंतर सहयोग दिया। विधायक के समर्थन से कॉलेज में विकास कार्यों को गति मिल रही है और छात्रों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हो रही हैं।
