Uttarakhand

गांधी पार्क में आज शाम होगा स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारम्भ

रूद्रपुर। गांधी पार्क में आज शाम स्वदेशी दिवाली मेले का भव्य शुभारम्भ किया जाएगा। सात दिवसीय यह मेला 14 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर तक चलेगा। नगर निगम की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि शाम चार बजे जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल की मौजूदगी में मेले का उद्घाटन होगा।

महापौर ने कहा कि पहली बार शहर में छोटे व्यापारियों के लिए इतने बड़े स्तर पर मेला आयोजित किया जा रहा है। गांधी पार्क में लगभग 300 दुकानें लगाई गई हैं, जिनका आवंटन बीती शाम लाटरी प्रक्रिया के जरिए किया गया। अब तक ठेली व्यापारी बाजार की सड़कों पर कारोबार करते थे, जिससे उन्हें और खरीदारों दोनों को असुविधा होती थी। इस बार नगर निगम ने छोटे कारोबारियों के हित में उन्हें एक सुरक्षित व सुव्यवस्थित मंच देने के लिए इस मेले की योजना बनाई है।मेले के दौरान स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता देकर दुकानें पारदर्शी तरीके से आवंटित की गई हैं। साथ ही लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। महापौर ने कहा कि इस आयोजन से त्योहारों पर बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी, क्योंकि मेले के दौरान बाजार में वाहनों व ठेली पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पार्किंग की व्यवस्था भी गांधी पार्क में ही की गई है। क्षेत्रवासियों से महापौर ने आह्वान किया कि वे मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पाद खरीदें और उत्सव का आनंद उठाएं।

Shubham Mishra