त्रिशूल चौक की भव्यता देख कर अभिभूत हुए स्वामी यतींद्रानंद गिरी; महापौर विकास शर्मा की प्रशंसा
रूद्रपुर । पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी महाराज ने शुक्रवार को रूद्रपुर के चर्चित त्रिशूल चौक का निरीक्षण किया और वहां स्थापित विशाल त्रिशूल की भव्यता की खुले मन से प्रशंसा की। उन्होंने त्रिशूल स्थापना को सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़ा ऐतिहासिक कार्य बताते हुए महापौर विकास शर्मा की सराहना की और रूद्रपुर को उत्तराखंड का गौरव बनाने की कामना की।
हरिद्वार से बरेली जा रहे स्वामी यतींद्रानंद गिरी कुछ समय के लिए त्रिशूल चौक पर रुके। उनके आगमन पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी जी ने चौक पर स्थापित त्रिशूल की कलात्मकता, आकार और आध्यात्मिक महत्व का अवलोकन कर उसकी सराहना की।स्वामी यतींद्रानंद गिरी ने कहा कि विकास शर्मा के महापौर बनने के बाद शहर का स्वरूप लगातार बदल रहा है। उन्होंने रूद्रपुर का नाम भगवान रूद्र (शिव) से जुड़ा बताकर कहा कि त्रिशूल की स्थापना नगर की धार्मिक पहचान को और सशक्त बनाती है। उनका मानना रहा कि यह त्रिशूल न केवल रूद्रपुर बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के प्रवेश द्वार की शोभा बढ़ाने का काम करेगा।
महामंडलेश्वर ने आगे कहा कि कुमाऊं देवभूमि का महत्वपूर्ण क्षेत्र है और श्रद्धालु व पर्यटक अक्सर रूद्रपुर से होकर गुजरते हैं, इसलिए त्रिशूल चौक उनकी यात्रा हेतु आकर्षण का केंद्र बन गया है। उन्होंने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि मानस खंड यात्रा के प्रवेश द्वार के रूप में रूद्रपुर को मान्यता देने पर विचार किया जाए, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिल सके।स्वामी जी ने रूद्रपुर में चल रहे अतिक्रमण उन्मूलन, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि यही कार्य शहर को भविष्य में उत्तराखंड का गौरव बनाएंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी सराहना की और कहा कि वे सनातन संस्कृति व धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्यरत हैं।
इसके अतिरिक्त स्वामी यतींद्रानंद गिरी ने अपील की कि भारत सरकार वैश्विक कूटनीति के माध्यम से कैलाश पर्वत के सम्बन्ध में सक्रिय भूमिका निभाए, क्योंकि कैलाश सनातन संस्कृति और आस्था का प्रमुख केंद्र है।महापौर विकास शर्मा ने स्वामी जी के आगमन को शहर के लिए गर्व का क्षण करार देते हुए कहा कि स्वामी जी के आशीर्वाद से उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। महापौर ने कहा कि त्रिशूल चौक अब लोगों का आकर्षण केंद्र बन चुका है और कुमाऊं की ओर जाने वाले पर्यटक यहां रुक कर इसकी भव्यता का आनंद ले रहे हैं। भविष्य में भी शहर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक पहचान को और मजबूती देने के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे, उन्होंने कहा।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद चिराग कालरा, पार्षद गिरीश पाल, पार्षद पवन राणा, पार्षद शुभम दास, पार्षद प्रतिनिधि मानवेंद्र राय, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, आशीष यादव, आकाश यादव, किशन सुखीजा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष बिट्टू चौहान, भाजयुमो नगर अध्यक्ष अशोक नेगी, शिवम गुप्ता, छात्र नेता चंदन भट्ट, छात्र संघ उपाध्यक्ष चेतन भट्ट, अशोक विश्वास, ओबीसी आयोग सदस्य कमलेश, नरेश उप्रेती, मोर सिंह यादव, हरेंद्र शर्मा, शिवांश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
