देहरादून

“राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर भ्रामक सूचनाओं से निपटने पर विचार गोष्ठी”

 

“राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित विचार गोष्ठी में बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर”

देहरादून, 16 नवम्बर 2025 (सू.वि.)
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार वी.डी. शर्मा की अध्यक्षता में “बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता का संरक्षण” विषय पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का संचालन अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह ने किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार वी.डी. शर्मा ने कहा कि भ्रामक समाचार आज पत्रकारिता के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं, लेकिन समाधान भी पत्रकार समुदाय को स्वयं ही तलाशना होगा। उन्होंने पत्रकारिता के उच्च मानक निर्धारित करने, तथ्यों की गहन पड़ताल करने तथा पुष्टि उपरांत ही समाचारों के प्रकाशन–प्रसारण पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के तेजी से विस्तार के साथ फेक न्यूज़, आधी-अधूरी सूचनाएँ एवं दुष्प्रचार की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे समाज भ्रमित होता है और मीडिया की विश्वसनीयता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे संवेदनशील समय में तथ्य-जांच, स्रोतों की पुष्टि, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और नैतिक पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द्र जोशी ने भारतीय प्रेस परिषद के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रेस को भ्रामकता से बचाना पत्रकारों का दायित्व है। एआई और सोशल मीडिया के इस दौर में किसी भी समाचार की गहन जांच और सत्यापन के बाद ही प्रसारित करना पत्रकारों की बड़ी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अशोक शर्मा, अनिल मित्तल, आलोक शर्मा, सुभाष कुमार, अर्जुन भण्डारी, विनीत गुप्ता, बसंत पंत, नवीन जोशी, जगमोहन मौर्य, हरप्रीत, प्रशांत चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपनी बातें रखीं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द्र जोशी, अशोक शर्मा, अनिल मित्तल, आलोक शर्मा, सुभाष कुमार, अर्जुन भण्डारी, विनीत गुप्ता, बसंत पंत, नवीन जोशी, जगमोहन मौर्य, हरप्रीत, प्रशांत चौधरी, जसंवत सिंह, संगीता बुटोला, पिटर जोन, सहायक लेखाकार अंजली, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश कोठारी, पंकज आर्य, मुकुल, रितेश आदि उपस्थित रहे।

 

Uma Shankar Kukreti