उत्तरकाशी

देवभूमि रजत उत्सव से नई पीढ़ी को जोड़ने का संकल्प, पत्रकार हितों पर भी सरकार गंभीर: वंशीधर तिवारी

 

उत्तरकाशी | 23 दिसम्बर 2025
अपर सचिव मुख्यमंत्री/महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी ने सोमवार देर सायं जीएमवीएन, उत्तरकाशी में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता कर देवभूमि रजत उत्सव से जुड़ी विस्तृत जानकारियाँ साझा कीं। साथ ही उन्होंने पत्रकारों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी संवाद किया।
महानिदेशक सूचना ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत उत्सव के माध्यम से राज्य की सभ्यता, संस्कृति और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य आंदोलन में शहीद हुए सेनानियों के बलिदान से विद्यार्थियों को परिचित कराने के लिए स्कूलों में निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल राज्य आंदोलन की पृष्ठभूमि और महत्व से अवगत कराया जा रहा है, बल्कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी भी दी जा रही है। रजत उत्सव के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय बोली-भाषाओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों के संरक्षण व संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में महानिदेशक सूचना ने यह भी जानकारी दी कि सोशल मीडिया नियमावली को शीघ्र ही उत्तराखंड में लागू किया जाएगा। यह नियमावली पहले से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लागू है। इसके लागू होने से सोशल मीडिया पर कार्यरत पत्रकारों एवं कंटेंट क्रिएटर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलेंगे और उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित होगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों को लेकर गंभीर है और इसी क्रम में प्रेस मान्यता को तहसील स्तर तक देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नियमावली लगभग अंतिम चरण में है, जिससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को भी मान्यता का लाभ मिल सकेगा।
महानिदेशक सूचना ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पत्रकारों को सुविधा, सुरक्षा और सम्मान मिले ताकि वे बिना किसी दबाव के निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें। शीतकालीन यात्रा और देवभूमि रजत उत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा, संस्कृति और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव भी रखे, जिन पर महानिदेशक सूचना ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार और मीडिया के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

 

Uma Shankar Kukreti