ऋषिकेश

ऋषिकेश के 12 वार्डों में वन भूमि कार्रवाई पर नगर निगम का पक्ष स्पष्ट, 3 जनवरी को होगी विशेष बोर्ड बैठक

ऋषिकेश | 02 जनवरी 2026
महापौर कार्यालय कक्ष, आईएसबीटी परिसर, नगर निगम ऋषिकेश में आज नगर निगम ऋषिकेश में मा० महापौर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता का उद्देश्य नगर निगम सीमा के अंतर्गत वन विभाग की भूमि पर स्थित 12 वार्डों में चल रही कार्रवाई पर नगर निगम का पक्ष स्पष्ट करना तथा 03 जनवरी 2026 को प्रस्तावित विशेष बोर्ड बैठक की जानकारी साझा करना रहा।

प्रेस वार्ता में महापौर ने बताया कि वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही वर्तमान कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम कानून और न्यायालय के आदेशों का पूर्ण सम्मान करता है।

महापौर ने अवगत कराया कि इस कार्रवाई से नगर निगम के 12 वार्ड प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हो रहे हैं, जहां वर्षों से नागरिकों की बसावट रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के संभावित विस्थापन से उत्पन्न मानवीय और सामाजिक समस्याओं को लेकर नगर निगम प्रशासन गंभीर है।

इसी संवेदनशील विषय पर व्यापक चर्चा और प्रभावित नागरिकों के हितों की रक्षा हेतु कानूनी व प्रशासनिक विकल्पों पर विचार करने के लिए दिनांक 03 जनवरी 2026 को नगर निगम ऋषिकेश की एक विशेष बोर्ड बैठक आहूत की गई है।

महापौर ने कहा, “शहर के नागरिकों के हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। कल की बोर्ड बैठक में सभी पार्षदों और अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।”

उन्होंने यह भी बताया कि विशेष बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों से पुनः मीडिया को अवगत कराया जाएगा।

Uma Shankar Kukreti