बीन नदी के निर्माणाधीन पुल से मोक्षधाम मार्ग प्रभावित होने की आशंका, बचन बिष्ट ने उठाई संपर्क मार्ग सुचारू रखने की मांग
समाजसेवी एवं भाजपा नेता बचन बिष्ट ‘गाँववासी’ ने लोक निर्माण विभाग को भेजा पत्र, रैंप बनाकर संपर्क मार्ग जोड़ने का दिया सुझाव
बीन नदी में निर्माणाधीन पुल से मोक्षधाम जाने वाला संपर्क मार्ग बंद होने की आशंका, जिला पंचायत सदस्य ने उठाई मांग
यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। बीन नदी में निर्माणाधीन पुल के चलते मोक्षधाम जाने वाले संपर्क मार्ग के प्रभावित होने की आशंका को लेकर जिला पंचायत सदस्य बचन सिंह बिष्ट ‘गाँववासी’ ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर समाधान की मांग की है।
जिला पंचायत क्षेत्र उमरोली-पौड़ी गढ़वाल के सदस्य बचन सिंह बिष्ट ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, दुगड्डा को भेजे पत्र में बताया कि वर्तमान में बीन नदी में पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। पुल के निर्माणाधीन हिस्से के बैराज वाले छोर से यमकेश्वर क्षेत्रवासियों के मोक्षधाम जाने वाला संपर्क मार्ग भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने आशंका जताई कि निर्माण कार्य के दौरान यह संपर्क मार्ग बंद हो सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को मोक्षधाम आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जिला पंचायत सदस्य ने सुझाव दिया है कि पुल तक पहुंचने वाले मार्ग के मध्य भाग से रैंप बनाकर संपर्क मार्ग को जोड़ा जाए, ताकि स्थानीय लोगों का आवागमन सुचारु बना रहे। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से मोक्षधाम जाने में लोगों को परेशानी नहीं होगी और पुल निर्माण कार्य में भी किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं होगी।
पत्र में उन्होंने लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि पुल निर्माण करने वाली कंपनी को मोक्षधाम जाने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण/व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
पत्र की प्रतिलिपि माननीय विधायक, यमकेश्वर विधानसभा तथा संबंधित परियोजना प्रबंधक को भी भेजी गई है।

