भगवान परशुराम के नाम पर बनेगा तीन मंजिला कम्युनिटी हॉल : महापौर विकास शर्मा
रुद्रपुर। ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में रविवार को आवास विकास स्थित परशुराम पार्क में भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने परशुराम पार्क में तीन मंजिला कम्युनिटी हॉल बनाने की घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचामृत अभिषेक और हवन-यज्ञ से हुई। महापौर, विधायक शिव अरोरा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान परशुराम को नमन किया। प्रतिभा सम्मान समारोह में स्वामी नारायण चैतन्य जी महाराज, आचार्य पवन पाण्डेय, पुष्पेंद्र शास्त्री समेत समाज के विशिष्ट व्यक्तियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
*कम्युनिटी हॉल की रूपरेखा*
महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा बनने वाले भवन का प्रथम तल मंदिर, द्वितीय तल विवाह व सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए हॉल और तृतीय तल पर ब्राह्मण महासभा का कार्यालय व अतिथि कक्ष होंगे। प्रस्ताव जल्द शासन को भेजा जाएगा।
महापौर ने कहा कि पिछले वर्ष पार्क में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित की गई थी और यह हॉल उसी दिशा में अगला कदम है। विधायक शिव अरोरा ने घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे समाज को स्थायी स्थान मिलेगा।कार्यक्रम में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। महासभा अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, महामंत्री डॉ. संजीव शर्मा, मीना शर्मा, देवेंद्र कौशिक सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. राहुल भारद्वाज ने किया।
