DIPRदेवप्रयागपौड़ी

देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा: बोलेरो गहरी खाई में गिरी, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

16 वर्षीय अरम घायल, SDRF का राहत एवं बचाव अभियान जारी; निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

देवप्रयाग। उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में पौड़ी की ओर डंपिंग जोन के समीप शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय अरम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट श्रीनगर की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल 7 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने घायल अरम (16 वर्ष), पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार को पहले ही खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया था।


रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF ने 6 लोगों के शव बरामद किए। इनमें से दो शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष शवों को निकालने का कार्य देर शाम तक जारी रहा।
मृतकों की पहचान
अफजाल पुत्र श्री अकबर सूफी (49 वर्ष)
गुफरान पुत्र श्री अकबर (34 वर्ष)
सब्बू पत्नी श्री अफजाल (40 वर्ष)
अनामिया पुत्री श्री अफजाल (3 वर्ष)
अमन पुत्र श्री अफजाल (14 वर्ष)
अरमान पुत्र श्री अफजाल (20 वर्ष)
SDRF, स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।