अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की मांग को लेकर UKD ने किया सरकार का पुतला दहन देहरादून।
अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने बंजारावाला स्थित दुर्गा माता मंदिर के समीप सरकार का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व दल के केंद्रीय महामंत्री किरन रावत (एडवोकेट) ने किया।
इस अवसर पर किरन रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड की अंतरात्मा को झकझोरने वाला मामला बन चुका है। वर्षों बीत जाने के बावजूद पीड़िता के परिजनों को पूर्ण न्याय न मिलना राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच की गति और पारदर्शिता को लेकर जनता में गहरा आक्रोश है और सरकार वीआईपी को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जिन वीआईपी व्यक्तियों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय एजेंसी से जांच कराना सरकार का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में दल के केंद्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल निम्नलिखित मांगें करता है—
अंकिता भंडारी हत्याकांड की संपूर्ण सीबीआई जांच शीघ्र पूरी की जाए।
भाजपा के पदाधिकारी पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए।
दोषी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
जयप्रकाश उपाध्याय ने चेतावनी दी कि यदि पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच नहीं कराई गई, तो उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश-व्यापी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।
पुतला दहन कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष प्रवीण रमोला, संगठन मंत्री कपिल कुमार, संतोष नौटियाल, जितेंद्र कुमार, रीता देवी, सुमन नेगी, सुचिता उनियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
