दुगड्डापौड़ीयमकेश्वर

‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत उतिर्च्छा न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविर सम्पन्न

शिविर में सचिव (वित्त) दिलीप जावलकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे

61 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण; 350 ग्रामीण हुए लाभान्वित

पौड़ी, 02 जनवरी 2026 (सूचना)
पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत विकासखंड दुगड्डा की न्याय पंचायत उतिर्च्छा में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सचिव (वित्त) दिलीप जावलकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

शिविर के दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कुल 61 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लगभग 350 ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे एवं सहज रूप से प्राप्त हो रहा है। उन्होंने शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद के 15 विकासखंडों की 115 न्याय पंचायतों में 18 मार्च 2026 तक “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विद्युत, पेयजल, वन, घेरबाड़, सड़क, पुल आदि से संबंधित समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही किया गया तथा शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर प्रेषित किया गया है।
शिविर में 23 रेखीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं।

बाल विकास विभाग द्वारा 02 अन्नप्राशन संस्कार, 01 गोदभराई, 07 महालक्ष्मी किट, 05 किशोरी किट सहित कुल 12 लाभार्थियों को लाभ दिया गया।
अन्य विभागों द्वारा भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने 39, आयुष यूनानी विभाग ने 133 तथा होम्योपैथिक विभाग ने 12 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सूरज सिंह नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुनील सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य प्रमिला बलूनी, ग्राम प्रधान उतिर्च्छा रीना देवी, ग्राम प्रधान कांडई मंजू देवी, उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी विद्या दत्त रतूड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti