देहरादून

अवैध वसूली पर डीएम का सख्त एक्शन, पटवारी निलंबित

ऑडियो साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई, तहसीलदार को सौंपी गई विस्तृत जांच

देहरादून, 02 जनवरी 2026 (सू.वि.)
लाखामण्डल क्षेत्र में अवैध वसूली की गंभीर शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) जयलाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें तहसील कालसी स्थित रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में संबद्ध किया गया है।
लाखामण्डल एवं चकराता क्षेत्र के निवासियों द्वारा जिलाधिकारी को शपथ पत्र सहित संयुक्त शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसके साथ ऑडियो साक्ष्य (पेनड्राइव) भी संलग्न था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पटवारी द्वारा दस्तावेज तैयार करने, फर्जी विक्रय पत्र, दाखिल-खारिज जैसे कार्यों के नाम पर किसानों, काश्तकारों तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों से नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से अवैध धनराशि वसूली जा रही थी।
प्रकरण की प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर पाए जाने पर उत्तराखण्ड राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के उल्लंघन के प्रथम दृष्टया आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई। मामले की निष्पक्ष जांच हेतु तहसीलदार विकासनगर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें एक माह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार एवं अवैध वसूली के मामलों में जिला प्रशासन की शून्य सहिष्णुता नीति है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Uma Shankar Kukreti