UPCL

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर यूपीसीएल की अनोखी पहल, 150 से अधिक यूनिट रक्तदान

देहरादून, 16 सितंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस को यूपीसीएल द्वारा “सेवा और युवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की ओर से प्रदेशभर के विभिन्न कार्यालयों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।

यूपीसीएल मुख्यालय स्थित गबर सिंह ऊर्जा भवन, देहरादून के साथ ही हरिद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर सहित कुल पांच केंद्रों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों के समन्वय से आयोजित इन शिविरों में 150 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

रक्तदान शिविरों के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि यूपीसीएल परिवार बिजली आपूर्ति के माध्यम से जनसेवा करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और मानव जीवन की रक्षा के लिए भी निरंतर तत्पर रहता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर सेवा भावना को समर्पित एक सार्थक पहल है।

आयोजन को सफल बनाने में मानव संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आर.जे. मलिक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस पुनीत कार्य में भागीदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

शिविरों के प्रबंधन एवं विभिन्न केंद्रों के समन्वय की जिम्मेदारी उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) जितेन्द्र सिंह और कार्मिक अधिकारी आशीष कुमार ने संभाली। उन्होंने बताया कि सभी शिविरों में रक्तदाताओं की सुरक्षा और आवश्यक चिकित्सा मानकों का पूरा ध्यान रखा गया।

यूपीसीएल प्रबंधन ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अस्पतालों, ब्लड बैंकों, नोडल अधिकारियों तथा यूपीसीएल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

यूपीसीएल परिवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।