देहरादून

उत्तराखंड क्रांति दल 2027 में 40% महिलाओं को देगा टिकट, किरन रावत का बड़ा ऐलान

देहरादून
उत्तराखंड क्रांति दल ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। पार्टी की केंद्रीय महामंत्री एवं महिला प्रकोष्ठ प्रभारी किरन रावत ने स्पष्ट किया कि पार्टी आगामी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करते हुए 40% सीटों पर महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके लिए जल्द ही एक चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं को चुनाव में भागीदारी के लिए तैयार करने और ठोस रणनीति बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं, साथ ही सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में योगदान देने वाली मातृशक्ति को चुनाव में प्राथमिकता दी जाएगी।
रावत के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के नेतृत्व में इस दिशा में कार्यवृत्त भी तैयार कर लिया गया है, जिससे संगठनात्मक स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
बीजेपी नेता पर गंभीर आरोप, जांच की मांग
किरन रावत ने भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपूरवाण पर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि दो महिलाओं के वेतन की राशि कथित तौर पर सरकारी खाते से निकालकर उनकी पत्नी के खाते में स्थानांतरित की गई, जो अत्यंत गंभीर मामला है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि संबंधित महिलाओं को तत्काल नियमित किया जाए और दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाए।
🗳️ महिलाओं के लिए आरक्षण पर भी उठाई मांग
रावत ने भारतीय जनता पार्टी से आग्रह किया कि वह उत्तराखंड में अपने संगठन और टिकट वितरण में कम से कम 33% आरक्षण महिलाओं के लिए सुनिश्चित करे और इस संबंध में एक श्वेत पत्र जारी करे, ताकि जनता के सामने स्थिति स्पष्ट हो सके।
🔥 जनता बदलाव के मूड में: UKD
उन्होंने कहा कि अब जनता भाजपा और कांग्रेस के “झूठे वादों और दावों” को समझ चुकी है। रावत ने दावा किया कि इस बार जनता उत्तराखंड क्रांति दल को विधानसभा में प्रतिनिधित्व देने के लिए तैयार है।

Uma Shankar Kukreti