यमकेश्वर

यमकेश्‍वर: जल. जंगल और जमीन के संरक्षण हेतु धारकोट ग्राम सभा का ऐतिहासिक निर्णय।

 

रिपोर्ट : दिगम्बर चौहान

यमकेश्‍वर(पौड़ी गढ़वाल):
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में अपनी पैतृक संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की मुहिम अब जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में आज यमकेश्‍वर डांडा मंडल के अंतर्गत न्याय पंचायत किमसार के ग्राम सभा धारकोट में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में ग्रामीणों ने एकमत होकर अपनी ‘जल, जंगल और जमीन’ की सुरक्षा के लिए कई कड़े और ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किए हैं। ग्राम सभा धारकोट में आयोजित इस विशेष बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रीमती हेमा देवी ने की। बैठक में क्षेत्र के समस्त गणमान्य प्रधान. क्षेत्रीय पटवारी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर इस चर्चा में भाग लिया और गांव के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कड़े नियम बनाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान गांव की अस्मिता और संसाधनों को बचाने के लिए निम्नलिखित प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई: अवैध बोरिंग पर पूर्ण रोक. क्षेत्र में गिरते जलस्तर और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि बिना अनुमति के कोई भी नया बोरिंग कार्य नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति के बोरिंग करना पूर्णतः प्रतिबंधित और दंडनीय होगा। भूमि बिक्री पर कड़ा नियंत्रण. भू-कानून की मांग के बीच धारकोट ग्राम सभा ने मिसाल पेश करते हुए तय किया है कि कोई भी भूमि स्वामी अपनी जमीन बेचने से पहले ग्राम पंचायत से अनिवार्य रूप से लिखित अनुमति लेगा। इससे अंधाधुंध भू-विक्रय पर लगाम लगेगी। सार्वजनिक रास्तों की सुरक्षा: अक्सर देखा गया है कि जमीन बिकने के बाद नए मालिक पारंपरिक रास्तों को बंद कर देते हैं। पंचायत ने प्रस्ताव पारित किया है कि बेची गई जमीन से गुजरने वाले किसी भी पुराने या पारंपरिक रास्ते को रोका नहीं जाएगा और ग्रामीण उनका उपयोग पूर्ववत करते रहेंगे। बैठक के समापन पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि जल. जंगल. जमीन और अपने रास्तों के संरक्षण हेतु धारकोट ग्राम सभा सहित समस्त डांडा मंडल का यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षा कवच साबित होगा। स्थानीय निवासियों का मानना है कि यदि समय रहते इस प्रकार के कड़े नियम नहीं बनाए गए. तो पहाड़ की संस्कृति और संसाधन खत्म हो जाएंगे। इस पहल की सराहना अब पूरे क्षेत्र में हो रही है. जिसे अन्य ग्राम सभाओं के लिए भी एक प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। इस महत्वपूर्ण समाचार कों दिगम्बर सिंह चौहान ऊर्फ मस्त पहाड़ी निवासी गांव जामल द्वारा जन न्यूज़ चैनल टीम को उपलब्ध कराया गया है।

Uma Shankar Kukreti