Uttarakhand

त्यौहारी सीजन को लेकर ऊधमसिंहनगर खाद्य विभाग सख्त, सितारगंज में छापेमारी

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। त्यौहारों को देखते हुए आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य विभाग ने गुरुवार को सघन अभियान चलाया। आयुक्त, मुख्यालय व जिलाधिकारी के निर्देशों पर सहायक आयुक्त डॉ. प्रकाश फुलारा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह (काशीपुर) एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या (रुद्रपुर) की टीम ने सितारगंज में छापेमारी कर खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दो दूध, एक घी और एक पनीर के कुल चार नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए, जिन्हें राजकीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। वहीं नगर पालिका परिषद् सितारगंज में स्ट्रीट फूड वेंडरों को लोक कल्याण मेला के तहत स्वच्छता व सुरक्षित खाद्य पदार्थ संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया।सहायक आयुक्त ने सभी दुकानदारों और विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि वे संदिग्ध अथवा निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का विक्रय न करें। उन्होंने चेताया कि यदि कोई भी खाद्य कारोबारकर्ता एफएसएसएआई एक्ट 2006 के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए बिना पंजीकरण या लाइसेंस के कारोबार करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी प्रतिष्ठान खाद्य पदार्थों के क्रय बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित करें और बाहरी प्रदेशों से सिर्फ पंजीकृत अथवा लाइसेंसधारी कारोबारियों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। साथ ही खाद्य पदार्थों के खरीद-फरोख्त का दैनिक रिकार्ड रखने के निर्देश भी दिए गए।खाद्य विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग की अंतिम तिथि और विक्रेता का लाइसेंस/पंजीकरण नंबर अवश्य देखें। यदि कहीं निम्न गुणवत्ता, अस्वच्छ या अस्वस्थ्यकर खाद्य सामग्री बेची जाती दिखे तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर दर्ज कराई जा सकती है।

Shubham Mishra