शारदीय नवरात्र पर खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, कुट्टू आटा व व्रत सामग्री की हुई जांच
देहरादून।
शारदीय नवरात्र को देखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड, डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर जनपद देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने हेतु विशेष अभियान चलाया।
नगर निगम क्षेत्र में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून श्री मनीष सयाना के नेतृत्व में रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चौलाई लड्डू, साबुदाना, व्रत आहार डाइट चिप्स और व्रत आहार चिली पोटेटो के कुल 04 नमूने जांच के लिए लिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी मसूरी श्री कपिल देव ने मसूरी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से कुट्टू आटा व नमकीन के 03 नमूने लिए। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश श्री संतोष कुमार सिंह ने ऋषिकेश में औचक निरीक्षण कर मौसमी जूस का एक नमूना जांच हेतु लिया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना ने बताया कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को केवल FSSAI प्रमाणित कुट्टू आटा ही विक्रय करने के निर्देश दिए गए हैं। पैक पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, अवसान तिथि और एफएसएसएआई नंबर अंकित होना अनिवार्य है।
इस अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम श्री रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश/देहरादून ग्रामीण श्री संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर श्री संजय तिवारी, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मसूरी श्री कपिल देव शामिल रहे।
कुल मिलाकर 08 नमूने जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को भेजे गए। विभाग का यह अभियान पूरे नवरात्र और दीपावली त्योहार तक जारी रहेगा।
