Uttarakhandकोटद्वारचमोलीटिहरीदुगड्डादेहरादूनपौड़ीयमकेश्वर

विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर टी.बी. मरीजों को लिया गोद – पोषण किट का वितरण

 

देहरादून, 25 सितम्बर।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, देहरादून में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर फार्मेसी अधिकारियों ने “टी.बी. मुक्त उत्तराखंड अभियान” के अंतर्गत क्षय रोगियों को गोद लिया और उन्हें पोषण किट का वितरण किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण अंग हैं। इस वर्ष की थीम “थिंक हेल्थ, थिंक फार्मासिस्ट” अत्यंत प्रासंगिक है, क्योंकि किसी भी रोगी के उपचार में दवा की भूमिका सबसे अहम होती है और दवा का कार्य फार्मासिस्ट द्वारा ही सुनिश्चित किया जाता है।

प्रदेश अध्यक्ष सुश्री सुधा कुकरेती ने बताया कि फार्मेसी औषधियों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण और स्वतंत्र विज्ञान है। बिना दवाई किसी भी रोग का उपचार संभव नहीं है। दवाइयों की खोज, निर्माण, मॉनिटरिंग, पुनरीक्षण और उनके सुरक्षित उपयोग का विज्ञान ही फार्मेसी कहलाता है। उन्होंने कहा कि फार्मेसी किसी भी प्रकार का पैरामेडिकल क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन-2015, ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट 1940-45 तथा फार्मेसी एक्ट 1948 से विनियमित एक स्वतंत्र प्रैक्टिस है।

उन्होंने जोर दिया कि केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट ही औषधियों के निर्माण से लेकर रोगियों तक उनके सुरक्षित उपयोग के लिए अधिकृत हैं। रोगियों की औषधि संबंधी काउंसलिंग भी इस विधा की प्रमुख विशेषता है। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में फार्मेसी अधिकारी दवाई वितरण के साथ-साथ चिकित्सक विहीन चिकित्सा इकाइयों में प्राथमिक उपचार की भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

फार्मेसी अधिकारियों ने यह भी मांग की कि हर उस स्थान पर फार्मासिस्ट की अनिवार्य तैनाती होनी चाहिए जहां दवा से जुड़ा कोई कार्य हो रहा है, ताकि समाज को एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस जैसे गंभीर खतरों से बचाया जा सके।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपाध्यक्ष अशोक शास्त्री, जिला अध्यक्ष यू.एस. बिष्ट, मंडलीय सचिव मुकेश नौटियाल, हितेंद्र सिंह नेगी, सुरेश सकलानी, बी.पी. भट्ट, एल.पी. भट्ट, शशिधर अमोली, सोना मेहरा, चंदन सिंह चौहान, संतोष पांथरी, श्याम दत्त शर्मा, जितेंद्र कनौजिया, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नवीन जोशी, अमित राणा, पूजन नेगी, अरुणा बिष्ट सहित अनेक गणमान्य अधिकारी एवं फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।

 

Uma Shankar Kukreti