Uttarakhand

महापौर ने किया निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

युवाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने कासंदेश

रूद्रपुर। इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) द्वारा टाटा मोटर्स लिमिटेड, पंतनगर के सहयोग से आदर्श कालोनी घास मंडी स्थित कम्युनिटी हॉल में शुक्रवार को तीन माह के निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर विकास शर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।यह प्रशिक्षण विशेष रूप से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और बेरोजगार युवाओं-युवतियों के लिए संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य डिजिटल साक्षरता के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण उन युवाओं और महिलाओं के लिए नई शुरुआत का प्रतीक है जो जीवन में कुछ नया सीखकर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल तकनीकी ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।महापौर ने कहा कि उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं एवं मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि राज्य का युवा अब केवल सरकारी नौकरी के पीछे नहीं भाग रहा, बल्कि स्वरोजगार की दिशा में भी तेजी से बढ़ रहा है।उन्होंने यह भी घोषणा की कि नगर निगम जल्द ही महिलाओं के लिए एक अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगा, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जाएगी। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाकर “लखपति दीदी” योजना से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास होंगे।

छोटे कदम, बड़े परिवर्तन’

महापौर ने उपस्थित महिलाओं व युवाओं से अपील की कि वे इस प्रशिक्षण का पूरा लाभ लें और इसे केवल कोर्स तक सीमित न रखें। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने में छोटे-छोटे कदम ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं।

आयोजकों की भूमिका

आईएसडी की परियोजना निदेशक बिन्दुवासिनी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्थान हमेशा से वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि टाटा मोटर्स के सहयोग से यह प्रशिक्षण ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं के लिए वरदान साबित होगा।इससे पूर्व महापौर विकास शर्मा का आयोजकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती बिन्दुवासिनी ने किया।इस अवसर पर टाटा मोटर्स के सीएमएस विभाग से डीजीएम हरिप्रसाद, मंजीत सिंह, मोतीलाल, लक्ष्मी, कनकलता, रचना, ममता, चमन कोली, नंदी, विजय नेगी, ममता नेगी, मनीष कर्नाटक, ममता आर्या सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Shubham Mishra