राष्ट्रपति भवन प्रदर्शनी में रुद्रपुर नगर निगम को मिला स्थान

रुद्रपुर। शहर के लिए यह बड़ी उपलब्धि है कि रुद्रपुर नगर निगम का चयन राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए किया गया है। यह आयोजन 2 से 7 सितम्बर तक अमृत उद्यान में चलेगा। इस दौरान नगर निगम से जुड़े स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति भवन 16 अगस्त से 14 सितम्बर तक आमजन के लिए खोला गया है। इसी दौरान एनयूएलएम योजना के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की राष्ट्रीय प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है। उत्तराखण्ड से केवल तीन नगरीय निकायों को इसमें भाग लेने का अवसर मिला है, जिनमें रुद्रपुर नगर निगम, देहरादून नगर निगम तथा चंपावत नगर पालिका शामिल हैं।
‘फुलवारी’ समूह के उत्पाद होंगे मुख्य आकर्षण
रुद्रपुर नगर निगम का प्रतिनिधित्व स्थानीय ‘फुलवारी’ स्वयं सहायता समूह करेगा। यह समूह अपने हस्तनिर्मित उत्पादों जैसे हैंडीक्राफ्ट्स, हैंडलूम, सजावटी सामग्री और शहद का प्रदर्शन करेगा। आयोजकों का मानना है कि यहां प्रदर्शित सामग्री राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचेगी और विशेषकर ग्रामीण एवं स्थानीय महिला समूहों की मेहनत को पहचान मिलेगी।
महापौर ने कहा कि राष्ट्रपति भवन जैसी प्रतिष्ठित जगह पर महिला समूहों की सहभागिता उन्हें आत्मविश्वास और नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी। प्रदर्शनी से न केवल समूह की आय में बढ़ोतरी होगी, बल्कि राज्य की संस्कृति और कौशल की झलक भी राष्ट्रीय मंच पर नजर आएगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम
महापौर विकास शर्मा ने इसे नगर निगम और शहर की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें ‘लखपति दीदी योजना’ उल्लेखनीय है।
रुद्रपुर नगर निगम भी महिलाओं के आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रहा है। समय-समय पर स्थानीय स्तर पर इन समूहों की प्रदर्शनियां आयोजित की जाती हैं। अब राष्ट्रपति भवन में भागीदारी मिलने से महिला समूहों के हौसले बुलंद होंगे और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में पहुंच बनाने का अवसर भी मिलेगा।
