Healthऋषिकेशदेहरादून

उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन 795 मरीजों ने उठाया लाभ

ऋषिकेश। उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। क्षेत्र के लोगों ने शिविर का लाभ उठाते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया तथा आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराईं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी के समन्वय में आयोजित शिविर के तीसरे दिन कुल 795 लाभार्थियों (367 पुरुष एवं 428 महिलाएं) को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान 142 व्यक्तियों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 74 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। इसके अलावा 19 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता तथा 45 लाभार्थियों को पोषण एवं समुचित देखभाल संबंधी परामर्श दिया गया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 213 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई तथा उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
प्रयोगशाला में 178 व्यक्तियों की हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी एवं लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त 93 एक्स-रे तथा 53 अल्ट्रासाउंड जांचें भी संपन्न कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से क्षेत्र की जनता को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।