आरोग्य मंदिर में बढ़ेगी जांच की सुविधाएं

ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा बेहतर इलाज
रुद्रपुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के आरोग्य मंदिर में अब स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को आधुनिक जांच और उपचार की सुविधा आसानी से उपलब्ध होगी। जिससे उनको गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेगी।
बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में सीएमओ डॉ के के अग्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) को अत्याधुनिक हेल्थ मशीनें वितरित की हैं। इन मशीनों से कुल 28 प्रकार के टेस्ट किए जा सकेंगे।अब ग्रामीण स्तर पर ही यूरिक एसिड, हीमोग्लोबिन, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर, ईसीजी सहित कई तरह की प्रमुख जांचें की जा सकेंगी। इससे मरीजों को बड़े अस्पतालों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा और समय के साथ-साथ धन की भी बचत होगी।सीएमओ ने बताया कि इन सुविधाओं से गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा।
