राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवा शक्ति की पदयात्रा ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ के संदेश के साथ लोकतंत्र को मिलेगा नया उत्साह
देहरादून | 25 जनवरी 2026
मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में एक भव्य पदयात्रा / संडेज़ ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम ग्राफिक इरा हिल यूनिवर्सिटी एवं महन्त इंद्रेश अस्पताल, मोथरोवाला परिसर में आयोजित होगा, जिसमें 500 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवक सहभागिता करेंगे।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “मेरा भारत, मेरा वोट” (MY Bharat My Vote) के संदेश के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय और सार्थक भागीदारी को बढ़ावा देना है। यह पहल विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को केंद्र में रखकर उन्हें जागरूक, नैतिक एवं जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस, सामुदायिक सहभागिता और नागरिक जिम्मेदारी के साथ जोड़ा गया है, ताकि राष्ट्रीय मतदाता दिवस को एक युवाओं के नेतृत्व वाला जन आंदोलन बनाया जा सके।
कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियाँ
पदयात्रा / साइकिल रैली
पहली बार मतदाता बने युवाओं का सम्मान
मतदाता जागरूकता संवाद
लोकतांत्रिक मूल्यों की शपथ
सार्वजनिक जनसंपर्क एवं आउटरीच गतिविधियाँ
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण, चुनावी विवरणों में सुधार और लोकतांत्रिक मूल्यों के सुदृढ़ीकरण के प्रति संवेदनशील बनाना है। सामूहिक नागरिक भागीदारी के माध्यम से यह पदयात्रा मतदाता जागरूकता का एक सशक्त और दृश्य मंच प्रदान करेगी।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है। जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय युवा नागरिक न केवल एक सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करते हैं, बल्कि समाज को सही दिशा भी देते हैं। MY Bharat के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के दूत के रूप में आगे लाने का यह प्रयास प्रेरणादायी है।
‘मेरा युवा भारत’ उत्तराखंड के सभी युवा नागरिकों से आह्वान करता है कि वे राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा में सक्रिय सहभागिता कर भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में अपना योगदान दें।
