पूर्व कांग्रेस विधायक के भाई की गला रेतकर निर्मम हत्या से घर में कोहराम मचा,
चंपावत। शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। पूर्व कांग्रेस विधायक हेमेश खर्कवाल के चचेरे भाई 83 वर्षीय अंबादत्त खर्कवाल की गांव के ही 38 वर्षीय युवक सुभाष खर्कवाल ने दरांती और फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार करीब 11 बजे अंबादत्त खर्कवाल अपने घर के आंगन में अकेले थे। इसी दौरान सुभाष खर्कवाल दरांती और फावड़ा लेकर वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि अंबादत्त खर्कवाल की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। वे कभी छोटे बेटे संजय के साथ गांव में रहते थे तो कभी बड़े बेटे सुरेश के पास टनकपुर जाते थे। घटना वाले दिन वे टनकपुर से करीब एक घंटे पहले ही गांव पहुंचे थे और घर आने के कुछ ही मिनट बाद यह वारदात हो गई। उस समय संजय घर पर नहीं था, जबकि सुरेश टनकपुर में नौकरी पर था।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में भय का माहौल है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल बच्ची सिंह बिष्ट के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है, हालांकि हत्या के पीछे का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
