देहरादून

तिब्बती मार्केट हत्याकांड का दून पुलिस ने किया खुलासा

 

दोनों मुख्य शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल, 5 अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून। दिनांक 11 फरवरी 2026 को तिब्बती मार्केट के पास हुई युवक की गोली मारकर हत्या की घटना का दून पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। घटना में शामिल दोनों मुख्य शूटरों को अलग-अलग स्थानों पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जबकि साजिश में शामिल मृतक की मां सहित तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 11/02/2026 को समय लगभग 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना प्राप्त हुई कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी श्रीमती अभिलाषा शर्मा द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला में मु0अ0सं0 29/2026 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस मुठभेड़ में दोनों शूटर घायल

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष टीमें गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
रायपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त द्वारा पुलिस पर फायर किया गया, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
डोईवाला क्षेत्र में दूसरे अभियुक्त द्वारा भी पुलिस पर फायरिंग की गई, आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह भी घायल हुआ।
दोनों अभियुक्तों की पहचान पंकज राणा व राजीव उर्फ राजू, निवासी चक्खुवाला, देहरादून के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं और उन्होंने हत्या की वारदात स्वीकार की है।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

पूछताछ में सामने आया कि मृतक अर्जुन शर्मा का अपनी मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल एवं डॉ. अजय खन्ना के साथ संपत्ति और पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मृतक की मां द्वारा अपने पुत्र को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख रुपये में सुपारी दी गई थी, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्त
पंकज राणा
राजीव उर्फ राजू
श्रीमती बीना शर्मा
विनोद उनियाल
डॉ. अजय खन्ना
बरामदगी
02 तमंचे 315 बोर
जिंदा व खोखा कारतूस
घटना में प्रयुक्त स्कूटी
मुठभेड़ में घायल दोनों अभियुक्तों को उपचार हेतु कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले की विवेचना गहनता से की जा रही है।

Uma Shankar Kukreti