Uttarakhand

चैती मेला समाप्ति पर महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में चला स्वच्छता महाअभियान,

काशीपुर । चैती मेला की समाप्ति पर नगर निगम ने बुधवार सुबह मेला परिसर में वृहद स्वच्छता महाअभियान चलाया। महापौर दीपक बाली ने स्वयं शुभारंभ किया और अपनी बेटी मुद्रा बाली के साथ चार जोनों में जाकर सफाई में हाथ बंटाया। “जहां उत्सव, वहां स्वच्छता” के संदेश के साथ सुबह 7 बजे शुरू हुए इस अभियान में सामाजिक संगठन, स्कूल, उद्योगपति, पार्षद, युवा और सैकड़ों नागरिक उत्साह से जुटे।

कचरा संग्रह, प्लास्टिक-कांच हटाना और परिसर को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया। नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त विनोद लाल शाह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी समेत निगम टीम सक्रिय रही। कुमाऊं गढ़वाल चैंबर के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, गौड़ सभा अध्यक्ष अनिल शर्मा, पार्षद विजय कुमार बॉबी, प्रिंस बाली, सतीश शर्मा जैसे प्रमुख लोगों ने भाग लिया। जीडी गोयंका, रूट्स, वीएसवीपी स्कूलों के बच्चे भी मौजूद रहे।

महापौर दीपक बाली ने कहा, “चैती मेला जैसे आयोजनों के बाद स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यह अभियान जागरूकता बढ़ाने का माध्यम है, ताकि काशीपुर स्वच्छ शहर बने।” अभियान के दौरान धूल उड़ने पर मां बाल सुंदरी देवी का आशीर्वाद और बारिश ने प्रकृति का साथ दिया। काशीपुर में पहली बार ऐसा महाअभियान चला, जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है। अंत में सभी को जलपान कराया गया, जिसमें महापौर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह का योगदान सराहनीय रहा।

Shubham Mishra