चारधाम यात्रा में सक्रिय टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़, 14 लाख के मोबाइल बरामद
केदारनाथ में चोरी के बाद बद्रीनाथ में वारदात की तैयारी, चमोली पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
देवभूमि उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के बीच श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का चमोली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाला यह गिरोह बद्रीनाथ धाम में वारदात की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही बद्रीनाथ पुलिस और एंटी थेफ्ट स्क्वाड ने घेराबंदी कर चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 हाई-एंड मोबाइल फोन, 58,860 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल दो लग्जरी वाहनों को बरामद किया है।
चारधाम यात्रा में इन दिनों लाखों श्रद्धालु बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इसी भीड़ का फायदा उठाकर यह गिरोह मंदिर परिसर और स्नान घाटों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं का ध्यान भटकाकर उनके मोबाइल और कीमती सामान चोरी कर रहा था। थाना बद्रीनाथ पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग यात्रा मार्ग में सक्रिय हैं।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर हनुमान चट्टी के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 13 महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद मोबाइल फोन केदारनाथ धाम से चोरी किए गए थे। बरामद मोबाइलों में एक iPhone 15 Pro Max भी शामिल है, जिसकी चोरी का मुकदमा थाना सोनप्रयाग में दर्ज है।
पुलिस ने पंजाब और राजस्थान के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कृष्ण कुमार (भटिंडा), सुनील कुमार (भरतपुर) और ललित कुमार (अलवर) शामिल हैं।
चमोली पुलिस ने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या सहायता केंद्र को दें। जिन श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन खोए हैं, वे अपने दस्तावेजों के साथ थाना सोनप्रयाग या कोतवाली बद्रीनाथ में संपर्क कर सकते हैं।
