देहरादून

2027 में फिर सजेगा ताज? सल्ट में महेश जीना की मजबूत दावेदारी

 

देहरादून / सल्ट (अल्मोड़ा)

अल्मोड़ा जनपद की दूरस्थ सल्ट विधानसभा सीट पर एक बार फिर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्वर्गीय विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन के बाद से क्षेत्र की राजनीति में जिस प्रकार विधायक महेश जीना ने अपनी सक्रियता और जनसंपर्क बनाए रखा है, उससे 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।

महेश जीना लगातार यह कहते रहे हैं कि स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना ने सल्ट के विकास के जो सपने देखे थे, उन्हें पूरा करना ही उनका लक्ष्य है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली-पानी और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।

स्थानीय लोगों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में सल्ट क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बढ़ी है और जनता के बीच महेश जीना की पकड़ पहले से अधिक मजबूत हुई है। वहीं राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जीना परिवार का सल्ट की राजनीति में एक भावनात्मक और मजबूत जनाधार रहा है, जिसका लाभ भाजपा को लंबे समय से मिलता आया है।

गौरतलब है कि सल्ट विधानसभा सीट वर्ष 2007 में कांग्रेस से छीनकर भाजपा के खाते में आई थी और तब से यह सीट भाजपा के कब्जे में बनी हुई है। ऐसे में 2027 को लेकर भी भाजपा यहां मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।

हालांकि सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी चल रही है कि भाजपा आगामी चुनाव में कई विधायकों के टिकट बदल सकती है। लेकिन पार्टी के अंदरूनी सर्वे और राजनीतिक समीकरण क्या संकेत देते हैं, यह अभी साफ नहीं है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो पार्टी जीतने वाले चेहरों पर ही बड़ा दांव खेल सकती है।

अब बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा 2027 में फिर महेश जीना पर भरोसा जताएगी, या फिर संगठन किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगा? फिलहाल सल्ट की राजनीति में महेश जीना की पकड़ मजबूत मानी जा रही है।

Uma Shankar Kukreti