देहरादून में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज
देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित पेयजल विभाग की पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 मई को नर्सिंग बेरोजगार संगठन के सदस्यों के साथ ज्योति रौतेला प्रतिबंधित क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई थीं। प्रशासन और पुलिस के काफी समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नीचे नहीं उतरे और अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाते रहे।
इस दौरान टंकी के नीचे धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी भी जारी रही। 12 मई को ज्योति रौतेला द्वारा कथित रूप से अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी देने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं अन्य प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित किया।
प्रशासन द्वारा वार्ता और मांगों का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद 13 मई को ज्योति रौतेला अपने चार साथियों के साथ टंकी से नीचे उतरीं।
कोतवाली डालनवाला में ज्योति रौतेला व अन्य सहयोगियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पेट्रोलियम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
