गढ़वाल भ्रातृ मंडल ने मुंबई में 250 विद्यार्थियों को वितरित की निःशुल्क नोटबुक एवं लेखन सामग्री
मुंबई। उत्तराखंडियों की सबसे पुरानी एवं प्रतिनिधि संस्था गढ़वाल भ्रातृ मंडल के तत्वावधान में स्वर्गीय सुशीला देवी पंत एवं स्वर्गीय पुरुषोत्तम पंत स्मृति न्यास के सहयोग से मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क नोटबुक, लेखन सामग्री वितरण एवं कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम भाईंदर (पूर्व) स्थित भारतीय विद्यालय तथा जोगेश्वरी (पूर्व) स्थित राम मंदिर हॉल में स्थानीय सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अभियान के अंतर्गत दोनों स्थानों पर लगभग 250 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।

इस सामाजिक पहल में उत्तरांचल मित्र मंडल, भाईंदर, उत्तराखंड एजुकेशन सोसाइटी, भाईंदर तथा गढ़वाल कला केंद्र, जोगेश्वरी (पूर्व) ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
भाईंदर में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थानीय नगर सेविका श्रीमती जया दत्ता रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय विद्यालय की संचालिका श्रीमती शोभा ध्यानी जोशी तथा अतिथि विशेष के रूप में ठाकुर विद्यालय, नायगांव की प्रिंसिपल श्रीमती सविता कुकरेती उपस्थित थीं। इस अवसर पर मोटिवेशनल स्पीकर श्री जगमोहन कंडारी ने माध्यमिक कक्षा के विद्यार्थियों को कैरियर गाइडेंस विषय पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में गढ़वाल भ्रातृ मंडल के अध्यक्ष रमण मोहन कुकरेती, महासचिव मनोज द्विवेदी, कोषाध्यक्ष कीर्तिकेय सिंह रावत, कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह गुसाईं, राम सिंह घटाल, गोपाल नयाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। उत्तरांचल मित्र मंडल, भाईंदर के सलाहकार शंकर सिंह रावत, अध्यक्ष अर्जुन रावत, कार्याध्यक्ष अनिल भट्ट, महासचिव सुरेंद्र भट्ट, कोषाध्यक्ष भगवान सिंह राणा तथा अन्य पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
जोगेश्वरी (पूर्व) में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय नगर सेविका श्रीमती लोना रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में गढ़वाल कला केंद्र के अध्यक्ष महावीर सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बडोला, महासचिव विनोद भारद्वाज, कोषाध्यक्ष कैलाश द्विवेदी एवं सदस्य प्रेम पोखरियाल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर आचार्य जयानंद सेमवाल, महीधर पोखरियाल, त्रिलोक चंद सनवाल, पान सिंह दानु तथा आयुष कंडारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित रहे।
गढ़वाल भ्रातृ मंडल ने कहा कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, समाजसेवा और युवा सशक्तिकरण से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी।
