हरेला पर्व पर अल्मोड़ा से मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, जागेश्वर क्षेत्र के विकास के लिए 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का किया शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उठाया लाभ
अल्मोड़ा, 16 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर जनपद अल्मोड़ा के गरुड़ाबाज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय “एक पेड़ माँ के नाम” वृहद पौधारोपण अभियान तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में लोगों ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वृद्ध जागेश्वर एवं जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना कर उन्हें नई ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक स्थलों और पर्यटन के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून का भी उल्लेख करते हुए इन्हें राज्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं।

विधायक मोहन सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का जागेश्वर क्षेत्र से विशेष लगाव है और उनके लगातार दौरे क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
वृद्ध जागेश्वर का समग्र विकास कराया जाएगा।
वृद्ध जागेश्वर मंदिर तक पेयजल योजना बनाई जाएगी।
जागेश्वर धाम, ऐरावत गुफा, जटा गंगा उद्गम स्थल, कोटिलिंग एवं अन्य धार्मिक स्थलों का पर्यटन की दृष्टि से विकास किया जाएगा।
आरतोला में राज्य अतिथि गृह का निर्माण होगा।
जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर एवं आरतोला क्षेत्र में नए मोबाइल टावर लगाए जाएंगे।
आरतोला पार्किंग को मल्टी लेवल पार्किंग में विकसित किया जाएगा।
आरतोला-जागेश्वर सड़क पर आरसीसी नाली और पेव्ड शोल्डर का निर्माण किया जाएगा।
दनया डिग्री कॉलेज में एमए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
