कोटद्वार

कारगिल विजय दिवस और हरेला पर्व पर वीरों को नमन, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने बच्चों को वितरित किए जूते व ड्रेस

कोटद्वार। कारगिल विजय दिवस एवं हरेला पर्व के अवसर पर रविवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-08, रमेश नगर, कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर की गई।


अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रसेवा के साथ प्रकृति संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर समाजसेवी संजय जखवाल ने विद्यालय के 35 विद्यार्थियों को जूते एवं ड्रेस वितरित किए। वहीं देवदूत बच्चों के अभिभावकों बलजिंदर कौर, प्रियंका काला और आरती भाटिया ने सभी बच्चों के लिए फल एवं नाश्ते की व्यवस्था की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस मौके पर विद्यालय परिवार से विनीता पटवाल, रतन पटवाल, जयप्रकाश केष्टवाल एवं शालिनी कश्यप सहित भाजपा जिला अध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, जिला प्रकोष्ठ संयोजक प्रमोद बंसल, राजदीप माहेश्वरी, शुभम राजपूत तथा अनेक गणमान्य नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने विद्यालय परिवार, देवदूत बच्चों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।