DIPRदेहरादून

प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ, देहरादून के 250 युवा लाइव कार्यक्रम से जुड़े

सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी में युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प, MY Bharat और सजग इंडिया 100 सप्ताह तक चलाएंगे जनजागरूकता अभियान
देहरादून, 2 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने भाग लिया। उत्तराखंड में भी देहरादून सहित विभिन्न जिलों के युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन सुनते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।


देहरादून स्थित सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा। कार्यक्रम में MY Bharat, सजग इंडिया तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को नशे के चंगुल से बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने योग, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली को नशे के खिलाफ प्रभावी हथियार बताते हुए शिक्षकों और अभिभावकों से भी युवाओं को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाए तो उसे छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सहायता और विशेषज्ञों का सहयोग लेना चाहिए।


सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज एवं सजग इंडिया के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया यह अभियान नशा मुक्ति के क्षेत्र में वर्षों से चल रहे जनजागरूकता प्रयासों को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने बताया कि सजग इंडिया पिछले 15 वर्षों से उत्तराखंड के स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है। अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू हुआ 100 सप्ताह का राष्ट्रीय अभियान इस जनआंदोलन को और अधिक मजबूती देगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर सचिव, मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने कहा कि नशे के विरुद्ध सबसे बड़ी ताकत जागरूक और जिम्मेदार युवा हैं। उन्होंने कहा कि केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जीती जा सकती है।
MY Bharat उत्तराखंड के राज्य निदेशक राहुल डबराल ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश है। उन्होंने बताया कि MY Bharat और सजग इंडिया अगले 100 सप्ताह तक राज्यभर में नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान संचालित करेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बंशीधर तिवारी ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित सभी युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।