एमडीडीए का अनूठा अभियान: अपना मैस्कॉट डिज़ाइन करें, जीतें ₹50 हजार का इनाम
अब जनता बनाएगी एमडीडीए की नई पहचान, मैस्कॉट डिज़ाइन पर मिलेगा ₹50 हजार का इनाम
3 से 16 अगस्त तक राज्यस्तरीय प्रतियोगिता, सर्वश्रेष्ठ स्लोगन पर ₹10 हजार पुरस्कार; AI से बने डिज़ाइन नहीं होंगे मान्य
देहरादून, 2 अगस्त।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अपनी अलग और सशक्त पहचान विकसित करने के उद्देश्य से पहली बार “मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026” की घोषणा की है। यह राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 3 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा मौलिक मैस्कॉट तैयार करना है, जो प्राधिकरण के विकास कार्यों, नागरिक सहभागिता, जनजागरूकता और जनशिक्षा अभियानों का प्रभावी प्रतीक बन सके। प्रतिभागियों को मैस्कॉट के साथ एमडीडीए के लिए एक रचनात्मक स्लोगन भी प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने बताया कि मैस्कॉट प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹50,000, द्वितीय ₹30,000 और तृतीय ₹15,000 रखा गया है। वहीं सर्वश्रेष्ठ स्लोगन या टैगलाइन के लिए ₹10,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टियां JPEG, PNG या PDF प्रारूप में ऑनलाइन जमा करनी होंगी। इसके साथ डिज़ाइन की अवधारणा, पात्र का परिचय और स्लोगन के औचित्य पर आधारित एक संक्षिप्त कॉन्सेप्ट नोट भी देना होगा। प्रविष्टियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, सार्वभौमिक आकर्षण और विभिन्न माध्यमों में उपयोग की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार किए गए डिज़ाइन प्रतियोगिता के लिए मान्य नहीं होंगे।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों, कलाकारों, डिज़ाइनरों, रचनात्मक युवाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल जनसहभागिता के माध्यम से एमडीडीए की ऐसी पहचान विकसित करेगी, जो देहरादून के विकास, नवाचार और नागरिकों की आकांक्षाओं को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त करेगी।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने सभी शिक्षण संस्थानों, मीडिया संस्थानों और सामाजिक संगठनों से प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से संबंधित पंजीकरण और विस्तृत दिशा-निर्देश क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं।

