Saturday, November 21, 2026
Uttarakhand

पीएम मोदी से मिले मुख्यमंत्री धामी, उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र से मांगा सहयोग

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से लेकर स्वास्थ्य, पर्यटन और ऊर्जा परियोजनाओं पर हुई चर्चा

देहरादून, 20 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को एमपी कैपिंग से छूट देने के साथ चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण और सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता मांगी। वहीं कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यटन को गति देने के उद्देश्य से दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति का भी अनुरोध किया।

रेल और सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई गति

रेल परियोजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड-कम-रेल टनल, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण तथा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया।

इसके अलावा देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीनगर से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने का भी अनुरोध किया।

किच्छा में एम्स और कुंभ-2027 के लिए सहयोग

मुख्यमंत्री ने किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने की मांग प्रधानमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कुंभ-2027 के आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये तथा एसएएससीआई के अंतर्गत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।

इसके साथ ही स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली को मजबूत करने के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये और चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी

बैठक में पर्यटन विकास के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं बेलकेदार, अंजनीसैंण, टिहरी, लोहाघाट और श्यामलाताल को आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

शीतकालीन यात्रा, आदि कैलाश, साहसिक पर्यटन और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

हाउस ऑफ हिमालयाज का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये पहुंचा

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस ब्रांड का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। स्थानीय उत्पादों को अमेजन, ओएनडीसी, जियोमार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

शिक्षा और युवाओं के अवसरों पर भी जोर

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने क्लस्टर विद्यालयों की स्थापना, भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत 379 मेधावी विद्यार्थियों के शैक्षिक भ्रमण और प्रस्तावित उत्तराखंड दर्शन कार्यक्रम की जानकारी प्रधानमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।