ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद में पूर्व प्रेमी पर हत्या का आरोप
शिवाजी नगर में किराये पर रह रही एम्स अस्पताल की सहायिका प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या, आरोपी सुरेश गुप्ता फरार, तलाश में जुटी पुलिस
प्रेम, तलाक और 35 लाख की संपत्ति… अंत में महिला की गोली मारकर हत्या
ऋषिकेश में सनसनी: शादी से पहले बढ़ा विवाद, प्रेमी ने महिला को मारी गोली
एम्स कर्मी महिला की हत्या, प्रेम संबंधों में टूटा भरोसा बना वजह
ऋषिकेश।
कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत शिवाजी नगर, गली नंबर–11 में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब किराये के मकान में रह रही एक महिला को गोली मार दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला मृत अवस्था में पाई गई।
मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रीति एम्स अस्पताल में सहायिका के पद पर कार्यरत थी और शिवाजी नगर में अकेले किराये पर रहती थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
स्थानीय पार्षद का बयान
मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत द्वारा कोतवाली ऋषिकेश में दी गई लिखित तहरीर के आधार पर सुरेश गुप्ता के विरुद्ध उनकी पुत्री की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 49/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद, अवसाद में उठाया खौफनाक कदम
पुलिस की प्रारंभिक विवेचना और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि मृतका का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
प्रेम प्रसंग की जानकारी आरोपी के परिजनों को होने पर उसके पारिवारिक जीवन में लगातार विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी सुरेश गुप्ता ने करीब चार माह पूर्व आपसी सहमति से अपनी पत्नी से तलाक ले लिया था, ताकि वह प्रीति से विवाह कर सके।
विवेचना में यह भी सामने आया है कि शादी से पहले प्रीति व उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात कही गई थी। इसके चलते सुरेश गुप्ता ने लक्सर (हरिद्वार) स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी, लेकिन इतनी राशि में ऋषिकेश में उपयुक्त मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ता चला गया। इसी तनाव के चलते आरोपी मानसिक अवसाद में भी चला गया था।
*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना दी गई,अभियुक्त के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया*
आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली ऋषिकेश द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया प्रेम प्रसंग, संपत्ति विवाद और मानसिक अवसाद के चलते ही आरोपी द्वारा इस जघन्य वारदात को अंजाम देना प्रतीत हो रहा है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
