हत्या के बाद ड्राइवर की लाश पर बैठकर 4 किलोमीटर तक दौड़ाते रहे कैब, कृष्णा नगर हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा
चित्र विहार रेड लाइट पर गला रेतकर की थी हत्या, शव के साथ कार लेकर ईस्ट आजाद नगर तक पहुंचे आरोपी
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में कैब चालक विजय कुमार की हत्या के मामले में पुलिस जांच में बेहद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपियों ने पहले प्रीत विहार के चित्र विहार रेड लाइट के पास कैब चालक का चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद ड्राइवर सीट पर पड़े शव के साथ ही करीब चार किलोमीटर तक कार चलाते हुए ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ड्राइवर की सीट पर पड़े शव को हटाए बिना ही कार चलाते रहे। ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास कार छोड़कर चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने कार से चालक विजय कुमार का शव बरामद किया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शराब पीने के बाद लूट की साजिश रची थी। मुख्य आरोपी अमन ने ऑनलाइन ऐप के जरिए कैब बुक की थी। चारों आरोपी कैब में सवार हुए और सुनसान स्थान पर पहुंचकर चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच के दौरान शाहदरा जिला पुलिस और कृष्णा नगर थाना पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अयान (20), साहिल (19) और 17 वर्षीय एक नाबालिग** शामिल हैं, जबकि चौथे आरोपी अमन की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े, वारदात में प्रयुक्त वैगन-आर कार, मोबाइल फोन और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
